7 may 2026
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार 7 मई को उत्तरकाशी समेत 5 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई पहाड़ी इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं, जबकि देहरादून और मसूरी में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
चारधाम यात्रा के बीच खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करने, ऊंचाई वाले इलाकों में सतर्क रहने और जरूरी गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है।
IMD की चेतावनी के मुताबिक गंगोत्री और आसपास के इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बागेश्वर और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को मई महीने में भी फरवरी जैसी ठंड महसूस हो रही है। चारधाम मार्गों पर भी ठंडी हवाओं का असर देखा जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। यात्रियों को यात्रा से पहले आधिकारिक मौसम जानकारी चेक करने की सलाह दी गई है।

