18 may 2026
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित खेल हॉस्टल में खिलाड़ियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोपों के बाद खेल विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में जिला खेल अधिकारी और एक सहायक प्रशिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हॉस्टल में रह रहे खिलाड़ियों ने लंबे समय से अनुशासन के नाम पर मारपीट, मानसिक दबाव और खराब व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें की थीं। खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों की ओर से शिकायतें बढ़ने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए शासन ने दोनों अधिकारियों पर कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, हॉस्टल में खिलाड़ियों के साथ कठोर व्यवहार और प्रशिक्षण के दौरान अनुचित तरीके अपनाने की शिकायतें सामने आई थीं। कुछ खिलाड़ियों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें डराया और दबाव में रखने की कोशिश की गई।मामले के तूल पकड़ने के बाद खेल विभाग की टीम ने हॉस्टल पहुंचकर खिलाड़ियों से अलग-अलग बातचीत की। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा।
वहीं, स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो खिलाड़ियों का मनोबल प्रभावित होगा।
खेल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक निलंबन प्रभावी रहेगा और यदि आरोप सही पाए गए तो आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

