देहरादून ; 27.08.2026,
देहरादून। डालनवाला थाना क्षेत्र के मोहिनी रोड पर गुरुवार को पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बेहद गंभीर रूप ले गया। दून इंटरनेशनल स्कूल के सामने स्थित एक मकान में कहासुनी के दौरान पति ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान सोनू पाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति रामजी पाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रामजी पाल राजमिस्त्री का काम करता है और उसके तीन बच्चे हैं। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिवार में भी मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी पति पुलिस हिरासत में है और पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

