16 june 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगला तराई गांव में अपनी माता जी के साथ पारिवारिक और आत्मीय वातावरण में खेतों में पहुंचकर कृषि कार्यों में सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेत की जुताई की और खाद डालने जैसे कृषि कार्य किए, जिससे ग्रामीण जीवन और किसान परिश्रम की वास्तविकता को उन्होंने करीब से अनुभव किया।
खेतों में कार्य करते समय मुख्यमंत्री ने किसानों के कठिन श्रम, निरंतर संघर्ष और त्याग को बेहद निकटता से महसूस किया। इस दौरान वे भावुक नजर आए और उन्होंने कहा कि खेतों की मिट्टी और कृषि कार्यों से जुड़ाव उनके जीवन के उन सरल, संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी दिनों की स्मृतियों को पुनः जीवंत कर देता है, जो आज भी उनके व्यक्तित्व और सोच का आधार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल अन्न उत्पादन करने वाला वर्ग नहीं है, बल्कि वह देश की खाद्य सुरक्षा की मजबूत नींव है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अन्नदाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के सच्चे संवाहक भी हैं, जो अपनी मेहनत से न केवल परिवारों का बल्कि पूरे राष्ट्र का पोषण करते हैं।
उन्होंने राष्ट्र निर्माण में किसानों के योगदान को अमूल्य बताते हुए कहा कि उनकी तपस्या, समर्पण और निरंतर परिश्रम ही भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री ने सभी किसानों के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह देखा गया और मुख्यमंत्री के इस सीधे जुड़ाव को किसानों के प्रति सम्मान और जमीनी संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश माना गया।

