15 may 2026
देहरादून। देहरादून में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिले। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रोजगार मेले के दौरान कुल 195 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जहां निजी कंपनियों द्वारा इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और लगन के साथ कार्य कर युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। साथ ही सरकार आगे भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

