14 may 2026
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में महिला खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के संचालन के लिए 16 नए पदों को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही सरकार ने आगामी जुलाई से कॉलेज में शैक्षणिक और खेल गतिविधियों की शुरुआत करने की तैयारी तेज कर दी है।
यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र के छमनिया में बनाया जा रहा है। करीब 256 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस संस्थान में छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परिसर में फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, एथलेटिक्स ट्रैक, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट सहित आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
सरकार का मानना है कि इस कॉलेज के शुरू होने से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बेहतर अवसर मिलेंगे। कॉलेज में छात्रावास, अकादमिक ब्लॉक, मल्टीपरपज हॉल और अन्य जरूरी सुविधाओं का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जुलाई सत्र से प्रारंभिक कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शिक्षण और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने हेतु स्वीकृत पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को महिला खेल प्रतिभाओं का मजबूत केंद्र बनाना है।

