देहरादून ; 03.09.2026।
देहरादून। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगी पावर हाउस के समीप गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मसूरी से देहरादून की ओर जा रहे टेंपो ट्रेवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने के बाद टेंपो ट्रेवलर सड़क पर पलट गया। वाहन में चालक समेत कुल 17 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी यात्री या चालक को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार को करीब दोपहर 1:30 बजे गलोगी पावर हाउस से लगभग 200 मीटर पहले हुआ। टेंपो ट्रेवलर चालक हरिओम पुत्र लाल चांद, निवासी अंबेडकर नगर, रुड़की, यात्रियों को लेकर मसूरी से देहरादून की तरफ जा रहा था। बताया गया कि रास्ते में अचानक वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में टेंपो ट्रेवलर असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया।
अचानक हुए हादसे से वाहन में बैठे यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि दुर्घटना के बाद जब यात्रियों को बाहर निकाला गया तो सभी सुरक्षित पाए गए। किसी को गंभीर चोट नहीं लगी, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि हादसे में चालक सहित सभी 17 यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को मौके से दूसरे वाहन की व्यवस्था कर देहरादून के लिए रवाना कर दिया गया।
मसूरी-दून मार्ग का यह हिस्सा पहाड़ी और घुमावदार होने के कारण वाहनों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे में चलते वाहन के ब्रेक फेल होने की घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता और वाहनों की नियमित तकनीकी जांच की जरूरत को सामने ला दिया है। फिलहाल हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

