देहरादून ; 31.10.2026,
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्र को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने करीब 9.13 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण श्रीनगर में लगभग नौ वर्षों के लंबे अंतराल के बाद सिटी बस सेवा की दोबारा शुरुआत रही। मुख्यमंत्री ने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से नगरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर इस पहल को नगर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
महिला समूहों को आर्थिक संबल, पर्यावरण मित्रों को मिली सहायता
मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर कुल 2,01,530 रुपये की धनराशि के चेक देकर महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी प्रदान की गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनें, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित कई नागरिक सुविधाओं की शुरुआत
शहर को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने और भविष्य में प्रदूषण कम करने के प्रयासों को गति मिलने की संभावना है।
नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित अन्य जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके माध्यम से शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
श्रीनगर को विकास के केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। पौड़ी जिले में भी कई करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से स्थानीय व्यापारियों, पर्यटन कारोबारियों और अन्य निवासियों को रोजगार एवं आर्थिक लाभ मिल रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम को ऑल वेदर रोड से जोड़ने की दिशा में किए गए कार्यों से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। श्रीनगर इस पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस रेल मार्ग का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना के अंतर्गत श्रीनगर में भी रेलवे स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को आवागमन के बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे और पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
राष्ट्रीय एकता के विषय पर मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर देश की अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, जाना उनका हालचाल
मुख्यमंत्री के श्रीनगर दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनकी सहज मुलाकात भी चर्चा का विषय रही। कॉलेज गेट के समीप बच्चों को देखकर उन्होंने प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना अपना वाहन रुकवाया और सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और पढ़ाई सहित अन्य विषयों पर संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कुल मिलाकर श्रीनगर में आयोजित यह कार्यक्रम शहरी सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। सिटी बस सेवा की वापसी और नई विकास योजनाओं की शुरुआत से शहरवासियों को आने वाले समय में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

