देहरादून ; 29.10.2026,
देहरादून। राजधानी देहरादून में सुहागिनों ने करवा चौथ का पावन पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ दिनभर व्रत रखा। शाम को महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और करवा माता की कथा सुनकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा के दौरान महिलाओं ने करवा माता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पारंपरिक रस्में निभाईं। रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद अर्घ्य अर्पित कर पति के हाथों जल ग्रहण करके व्रत खोला। पूरे दिन पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला।
करवा चौथ का पर्व भारतीय संस्कृति, अटूट विश्वास, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। यह त्योहार पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ ही सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का संदेश भी देता है।

