1 august 2026 ; Dehradun।
देहरादून। कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। बाहरी राज्यों से कांवड़ यात्रियों को लेकर आने वाले भारी वाहनों (ट्रकों) को अब पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परिवहन विभाग ने इसके लिए ऋषिकेश और आशारोड़ी चेक पोस्ट पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। दोनों प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं, जो चौबीसों घंटे आने-जाने वाले वाहनों की जांच करेंगी।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी के अनुसार, कांवड़ मेले के दौरान कई राज्यों से श्रद्धालु ट्रकों के माध्यम से पहुंचते हैं। ऐसे वाहनों की संख्या बढ़ने से पहाड़ी मार्गों पर यातायात दबाव और सुरक्षा संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों को पहाड़ों की ओर जाने से रोकने की व्यवस्था की गई है।
ऋषिकेश और आशारोड़ी चेक पोस्ट पर तीन-तीन टीमें तैनात की गई हैं। कर्मचारियों की ड्यूटी आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में लगाई गई है, ताकि दिन-रात लगातार वाहनों की निगरानी की जा सके। इसके अलावा नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने एक विशेष टास्क फोर्स टीम का भी गठन किया है।
विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सड़कों पर सुचारु यातायात बनाए रखना प्राथमिकता है। चेकिंग अभियान के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रतिबंधित भारी वाहन पहाड़ी मार्गों पर प्रवेश न कर सकें।

