14 july 2026 ; Dehradun!
पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम का दौरा कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने सघन पौधरोपण अभियान में भाग लेते हुए प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य का संकल्प है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, शोध गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। साथ ही ध्यान कुटी का भ्रमण कर वहां संचालित कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और हिमालयी औषधीय संपदा पूरे विश्व के लिए बहुमूल्य धरोहर है, जिसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ संरक्षित और विकसित करना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और हर्बल क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि इन पहलों से न केवल प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा, बल्कि हर्बल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार तथा आजीविका के नए अवसर तैयार होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान का समन्वय उत्तराखंड को औषधीय पौधों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला सकता है। इसके लिए सरकार विभिन्न संस्थानों के सहयोग से शोध और संरक्षण कार्यों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश के चुनिंदा हर्बल पार्कों में शामिल है। यहां हिमालयी क्षेत्रों सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, औषधीय अनुसंधान और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

