8 july : देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत आर्थिक सहायता प्राप्त कर रहे बच्चों को बड़ी राहत देते हुए 4.39 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को देहरादून स्थित शिविर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से यह राशि हस्तांतरित की।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का उद्देश्य उन बच्चों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया था। सरकार ऐसे बच्चों को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता उपलब्ध करा रही है ताकि उनकी शिक्षा, पालन-पोषण और अन्य आवश्यक जरूरतों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस बार जारी की गई राशि अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सहायता के रूप में दी गई है। अप्रैल माह के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1.47 करोड़ रुपये से अधिक, मई में 4,879 लाभार्थियों को लगभग 1.46 करोड़ रुपये तथा जून के लिए 4,848 लाभार्थियों को करीब 1.45 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। कुल मिलाकर 4.39 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ पात्र बच्चों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, ताकि किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना उत्तराखंड सरकार की उन प्रमुख सामाजिक योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य संकट की घड़ी में परिवार का सहारा खो चुके बच्चों को आर्थिक संबल प्रदान करना और उन्हें सम्मानजनक भविष्य की ओर आगे बढ़ने में सहयोग देना है।

