3 july 2026,
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 187 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थी और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित 5 अभ्यर्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का प्रमाण नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास और जनसेवा की जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्य, व्यवहार और जनता के प्रति संवेदनशीलता से बनती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए लगभग डेढ़ लाख युवाओं ने आवेदन किया, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद केवल 182 उम्मीदवारों का चयन हुआ, जो उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है।
उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले हर नागरिक को सम्मानजनक व्यवहार और समय पर समाधान मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए कड़े नकल विरोधी कानून को लागू किया है। इसका सकारात्मक असर युवाओं के विश्वास पर पड़ा है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश सरकार 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है। अब 187 नए युवाओं के शामिल होने से यह अभियान और मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार के लिए उन्हें प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने दोहराया कि “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी ताकत है और सरकार इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से संविधान, कानून और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईमानदारी से काम करने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के साथ राज्य सरकार पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।

