5 july 2026,
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित लक्ष्मणझूला क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेरठ से घूमने आए पांच दोस्तों में से एक युवक गंगा की तेज धारा में बह गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, मेरठ के कांकरखेड़ा बाईपास निवासी सार्थक (23) अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक गूलर क्षेत्र के पास सिरासू पुल के निकट गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सार्थक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में बह गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। निरीक्षक कवींद्र सजवाण के नेतृत्व में बचाव अभियान शुरू किया गया। टीम ने नदी के संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। जलस्तर अधिक होने के कारण खोज अभियान में कांटों और डीप डाइविंग उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल पाया।
बताया गया है कि सार्थक गाजियाबाद स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। हादसे के बाद उसके साथ आए दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना युवक के परिजनों को भी दे दी गई है।
एसडीआरएफ का कहना है कि गंगा का जलस्तर इस समय सामान्य से अधिक है, जिससे रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। टीम लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है और युवक की तलाश जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में गंगा के तेज बहाव को देखते हुए नदी में उतरने से पहले पूरी सावधानी बरतें और प्रतिबंधित या जोखिम वाले स्थानों पर स्नान करने से बचें।

