15 August 2026 ; Dehradun।
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हुए बलिदान देने वाले जवानों को भी उन्होंने नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भरता और विकास के नए लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में सरकार के साथ आम नागरिक की भूमिका भी अहम है। उन्होंने लोगों से अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ योगदान देने की अपील की, ताकि देश प्रगति की नई दिशा में आगे बढ़ सके।
उत्तराखंड को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास को केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित रखने के बजाय प्रदेश के हर हिस्से और हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। संतुलित विकास के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनता की सहभागिता से उत्तराखंड को देश के बेहतर और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाना है।
सीएम धामी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन जिम्मेदारियों की याद दिलाता है, जिन्हें देश के प्रति प्रत्येक नागरिक को निभाना चाहिए। उन्होंने एकता, सहभागिता और कर्तव्यनिष्ठा को मजबूत करते हुए राष्ट्र और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

