24 july 2026 ; Dehradun!
लोहाघाट (चम्पावत)। उत्तराखंड में खेल क्षेत्र में महिलाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत लोहाघाट के छमनियां चौड़ में निर्माणाधीन राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों, खेल सुविधाओं और अन्य आधारभूत ढांचे का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल चम्पावत ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटियों के लिए खेल शिक्षा और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ जून 2027 तक परियोजना को हर हाल में पूरा करने को कहा।
प्रस्तावित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में आधुनिक खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परिसर में विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण मैदान, छात्रावास, शैक्षणिक भवन, फिटनेस सेंटर तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे राज्य की महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की यह महत्वाकांक्षी परियोजना महिला खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।
स्थानीय लोगों ने भी महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण को क्षेत्र के विकास और रोजगार की संभावनाओं से जोड़ते हुए इसे स्वागतयोग्य कदम बताया। कॉलेज के शुरू होने के बाद चम्पावत जिले को खेल गतिविधियों का नया केंद्र बनने की उम्मीद है, वहीं प्रदेश की बेटियों को आधुनिक सुविधाओं के बीच उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

