27 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। युवाओं को साहसिक गतिविधियों, ट्रैकिंग और प्रकृति से जोड़ने वाले यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उत्तराखंड इकाई को नई दिशा देने के लिए नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। रविवार को हुए चुनाव में शशि रंजन को अध्यक्ष और डॉ. देवेंद्र भसीन को चेयरमैन चुना गया। नई टीम ने संगठन की गतिविधियों को प्रदेशभर में विस्तार देने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का संकल्प लिया।
चुनाव के बाद गठित नई कार्यकारिणी में संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। राजेश ममगाईं, जगमोहन सिंह और हरि सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं सुमित सैनी को कोषाध्यक्ष, विजय बेंबी को आर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी और मोहम्मद उस्मान को सचिव चुना गया। कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर डॉ. हरवीर सिंह रंधावा, रवि शरण दीक्षित, डॉ. एके सिंह और एलएस मेहता को शामिल किया गया।
बैठक में सचिव मोहम्मद उस्मान ने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पिछले वर्ष की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन लगातार युवाओं को साहसिक खेलों, भ्रमण और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
नई कार्यकारिणी ने आगामी 15 से 18 अगस्त तक आयोजित होने वाले दयारा बुग्याल बटरफ्लाई फेस्टिवल में सक्रिय सहभागिता करने का निर्णय लिया। बैठक में इस आयोजन को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
चेयरमैन डॉ. देवेंद्र भसीन ने संगठन के विस्तार को प्राथमिकता बताते हुए सदस्य संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एडवेंचर स्पोर्ट्स और प्रकृति आधारित पर्यटन के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे में संगठन युवाओं के लिए नई गतिविधियां शुरू कर उन्हें इस क्षेत्र से जोड़ने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ट्रैकिंग, साहसिक अभियानों और युवा विकास से जुड़े कार्यक्रमों को और गति दी जाएगी, जिससे राज्य के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ओर से उत्तर प्रदेश से आए विजय जायसवाल पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की।
यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के लिए एडवेंचर, ट्रैकिंग और विकासात्मक कार्यक्रम संचालित करता है। उत्तराखंड इकाई भी लंबे समय से इन गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए प्रदेश में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।

