देहरादून ; 1 नवम्बर 2026,
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाने की दिशा में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को अपने 16 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसके साथ ही संबंधित प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान शुरू करने और मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों एवं एजेंडे को पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को देहरादून स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने पहली सूची सार्वजनिक करते हुए सभी 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी आने वाले दिनों में शेष विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रत्याशियों के नाम घोषित करेगी। दूसरी सूची जल्द जारी किए जाने की तैयारी है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार पिथौरागढ़ विधानसभा सीट से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास और कर्णप्रयाग से आशीष नेगी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं जोगेश्वर सीट से दिनेश कुंजवाल, राजपुर (एससी) से देव चंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह और टिहरी गढ़वाल से डीडी पंत चुनाव मैदान में उतरेंगे।
इसी क्रम में कपकोट विधानसभा क्षेत्र से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता (एसटी) से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र और देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके अलावा खानपुर सीट से रितु कंडियाल जुयाल तथा धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र से चंदन सिंह राणा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे प्रत्याशी
उक्रांद नेतृत्व ने सभी घोषित उम्मीदवारों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने को कहा है। प्रत्याशियों को गांवों और शहरी इलाकों में मतदाताओं के बीच पहुंचकर व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने तथा पार्टी के एजेंडे से लोगों को अवगत कराने की अपील की गई है। पार्टी का जोर जनसंपर्क के माध्यम से अपनी नीतियों और उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने पर रहेगा।
निष्ठा और जनसरोकार को बनाया चयन का आधार
पार्टी की ओर से बताया गया कि उम्मीदवारों के चयन में संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण, सामाजिक सरोकार और उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर उनके संघर्ष को प्रमुख आधार बनाया गया है। उक्रांद नेतृत्व के मुताबिक पहली सूची जारी होने के बाद अब अन्य विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पार्टी ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही दूसरी सूची भी सार्वजनिक की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में उक्रांद की चुनावी गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है। पहली सूची के जरिए पार्टी ने 16 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी चुनावी मौजूदगी स्पष्ट कर दी है।

