14 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत नगर निगम देहरादून ने शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के समग्र सुधार और आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया है। इस पहल का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक बनाना है, ताकि सड़क जाम कम हो, दुर्घटनाओं में कमी आए और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
प्रस्ताव के अनुसार शहर के चिन्हित ट्रैफिक जंक्शनों को वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके तहत जंक्शन ज्यामिति में सुधार, फ्री लेफ्ट टर्न की व्यवस्था, सुव्यवस्थित लेन निर्माण, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ और ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्यूज आइलैंड, आधुनिक ट्रैफिक साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव स्टड, क्रैश बैरियर तथा अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे और एआई आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाए जाने का प्रस्ताव है, जिससे यातायात संचालन अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित हो सके।
नगर निगम ने इस योजना में केवल यातायात सुधार तक ही सीमित न रहते हुए जंक्शनों के सौंदर्यीकरण को भी विशेष प्राथमिकता दी है। प्रस्ताव में हरित पट्टियों का विकास, लैंडस्केपिंग, सजावटी पौधारोपण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक कला (पब्लिक आर्ट) और देहरादून की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले कलात्मक तत्व विकसित करने की योजना शामिल है। इससे शहर के प्रमुख चौराहे न केवल अधिक व्यवस्थित दिखेंगे, बल्कि नागरिकों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
नगर आयुक्त आलोक पांडे ने कहा कि ट्रैफिक जंक्शनों का वैज्ञानिक तरीके से सुधार शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, यात्रा का समय घटेगा, ईंधन की खपत कम होगी और वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन में कमी आने से वायु गुणवत्ता में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
नगर निगम द्वारा तैयार इस प्रस्ताव को तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुरूप कार्यों का क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा। नगर निगम का कहना है कि आधुनिक यातायात प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने वाली यह योजना भविष्य में देहरादून को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

