16 august 2026 ; Dehradun।
देहरादून। वसंत विहार थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े चेन झपटमारी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले रास्ता पूछने के बहाने महिला को बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के दौरान आरोपी ने महिला को धक्का भी दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
घटना वसंत विहार फेज-2 की बताई जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, क्षेत्र निवासी विकास मित्तल की 75 वर्षीय मां राजरानी मित्तल 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे रोजाना की तरह घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान एक युवक एक्टिवा से वहां पहुंचा। स्कूटी पर नंबर प्लेट दिखाई नहीं दे रही थी।
बताया गया है कि युवक ने बुजुर्ग महिला को रोककर किसी व्यक्ति का पता पूछा। महिला से कुछ देर बातचीत करने के बाद उसने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली। चेन छीनने के बाद आरोपी ने महिला को धक्का दिया और स्कूटी से तेजी से मौके से फरार हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में महिला अपना संतुलन नहीं संभाल सकीं और सड़क पर गिर पड़ीं।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में स्कूटी सवार युवक का बुजुर्ग महिला को रोकना और बातचीत के बाद चेन झपटकर भागना दिखाई दे रहा है।
पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ ही उसके आने-जाने के रास्ते और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी होने के कारण आरोपी की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
FIR दर्ज, आरोपी की तलाश में टीमें
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी, लूटी गई चेन की बरामदगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर वसंत विहार थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर जल्द आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

