17.08.2026 ; देहरादून।
देहरादून। चमोली जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और पूरे ऑपरेशन की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी। मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली और परिवार को भरोसा दिलाया कि लापता जवान की तलाश में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हाल भी जाना तथा कठिन समय में सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
तमक नाले में अचानक बढ़े जलस्तर और खराब मौसम के बीच हवलदार पंकज के लापता होने के बाद से ही विभिन्न एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। अभियान में सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन के साथ NDRF और SDRF की टीमें जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान में लगे सभी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए हवलदार पंकज का जल्द पता लगाया जा सके। प्रशासन की ओर से भी परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
नीति घाटी का यह इलाका कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाला सीमावर्ती क्षेत्र है। हाल में भारी बारिश और अचानक आए सैलाब के कारण तमक नाले में जलस्तर बढ़ गया था, जिससे क्षेत्र में आवाजाही और राहत-बचाव कार्य भी प्रभावित हुए। इससे पहले नाले पर बना वैली ब्रिज भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया था।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया है कि हवलदार पंकज की तलाश सरकार की प्राथमिकता में है और उनके सुरक्षित मिलने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखे जाएंगे। प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें परिस्थितियों के अनुरूप अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।

