3 august 2026 ; Dehradun।
उत्तराखंड की विश्व धरोहर फूलों की घाटी इस पर्यटन सीजन में पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। प्राकृतिक सुंदरता, दुर्लभ पुष्प प्रजातियों और मनमोहक वातावरण का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। सीजन शुरू होने के करीब दो महीने के भीतर ही घाटी में पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या ने पिछले पूरे सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
एक जून से 30 जुलाई तक फूलों की घाटी में कुल 16,462 पर्यटकों ने प्रवेश किया। इनमें 86 विदेशी पर्यटक शामिल हैं, जबकि बड़ी संख्या भारतीय पर्यटकों की रही। पिछले वर्ष पूरे सीजन में घाटी में 15,924 पर्यटक पहुंचे थे। इस बार विदेशी पर्यटकों की संख्या भले ही कम रही हो, लेकिन देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटकों की भारी भीड़ ने कुल संख्या को नया रिकॉर्ड बना दिया है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से वन विभाग को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है। पिछले पूरे पर्यटन सत्र में विभाग को 33.28 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जबकि इस वर्ष शुरुआती दो महीनों में ही 30.35 लाख रुपये की आय हो चुकी है। विभाग को उम्मीद है कि शेष पर्यटन अवधि में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ राजस्व में भी और इजाफा होगा।
फूलों की घाटी अभी आने वाले कई महीनों तक पर्यटकों के लिए खुली रहेगी। ऐसे में प्रशासन और वन विभाग को इस बार पर्यटकों की संख्या में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना नजर आ रही है। पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है।
भारी बारिश के कारण सुरक्षा को देखते हुए घाटी को कुछ समय के लिए बंद किया गया था, लेकिन मौसम में सुधार के बाद पर्यटकों की आवाजाही फिर शुरू हो गई। दोबारा खुलने के बाद भी बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी का भ्रमण करने पहुंचे।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्तमान समय में घाटी में विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूल पूरी तरह खिले हुए हैं, जिससे यहां का प्राकृतिक सौंदर्य अपने चरम पर है। फूलों से सजी घाटी, हरियाली और पहाड़ों का खूबसूरत नजारा पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रहा है। यही कारण है कि इस वर्ष फूलों की घाटी उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले स्थानों में शामिल हो गई है।

