6 july 2026,
बद्रीनाथ धाम: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में एक श्रद्धालु द्वारा गर्भगृह के अंदर स्पाई कैमरे से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत उसका चालान किया।
सुरक्षा जांच में पकड़ी गई रिकॉर्डिंग
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए श्रद्धालु की पहचान मुंबई निवासी जयप्रकाश पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने गुप्त रूप से स्पाई कैमरे का इस्तेमाल कर मंदिर के गर्भगृह के भीतर वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कीं। जबकि बद्रीनाथ मंदिर में गर्भगृह के अंदर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है।
स्पाई कैमरा जब्त, रिकॉर्डिंग कराई गई डिलीट
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने श्रद्धालु के पास मौजूद स्पाई कैमरा अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान कैमरे में मौजूद सभी वीडियो और तस्वीरों को हटाया गया ताकि उनका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके। कानूनी कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा से जुड़ा मामला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदिर के गर्भगृह में बिना अनुमति रिकॉर्डिंग करना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
चमोली पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
चमोली पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि बद्रीनाथ धाम सहित प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों पर लागू नियमों का पालन करें। मंदिर परिसर में जहां फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी प्रतिबंधित है, वहां किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह के मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

