1 august 2026 ; Dehradun।
ऋषिकेश। नगर निगम क्षेत्र से सटे खैरी खुर्द ग्रामसभा में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पिछले करीब तीन सप्ताह से क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी। शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठाकुरपुर पहुंचे शिक्षकों और बच्चों ने परिसर में खून के निशान बिखरे हुए देखे।
स्कूल परिसर में इस तरह के दृश्य को देखकर शिक्षक और बच्चे घबरा गए। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यालय के आसपास गाय के बाल और अन्य अवशेष मिले, जिससे आशंका जताई गई कि गुलदार ने गाय का शिकार किया है।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के जंगल क्षेत्र में गुलदार की तलाश शुरू कर दी है। टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी महसूस की जा रही थी। अब स्कूल परिसर के पास हुई इस घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गुलदार को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

