29 may 2026
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन वरिष्ठ भाजपा नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खण्डूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने खंडूरी परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
देहरादून में चल रहे इस दौरे को भाजपा संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नितिन नवीन लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। दूसरे दिन की शुरुआत उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के साथ की, जिसके बाद वे सीधे पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी के निवास पहुंचे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नितिन नवीन ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी ने अपने राजनीतिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और सुशासन की जो मिसाल कायम की, वह आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में खंडूरी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, दौरे के दौरान नितिन नवीन ने आगामी चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने, जनता से लगातार संवाद बनाए रखने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं में नितिन नवीन के दौरे को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि उनके इस दौरे के जरिए पार्टी आगामी राजनीतिक रणनीति को और धार देने की तैयारी में जुटी हुई है।

