4 august 2026 ; Dehradun।
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत करते हुए कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया और शिवभक्तों के चरण धोकर उनकी सेवा की। मुख्यमंत्री ने इसे सेवा, श्रद्धा और उत्तराखंड की देवभूमि की परंपरा का प्रतीक बताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव का भी संदेश देती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में योगदान दे रहे पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में इन कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और मेहनत से ही मेले की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी शिवभक्त कांवड़ियों से अपील की कि यात्रा के दौरान गरिमा, संयम और शुचिता बनाए रखें। साथ ही सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैरा, विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी जी महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

