9 july 2026 : Dehradun!
देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के पास करीब 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि देहरादून और ऋषिकेश में तीन अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीमों को पिछले कुछ समय से विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण और नियमों के विपरीत विकसित की जा रही कॉलोनियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की जांच के बाद प्राधिकरण ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर कार्रवाई की।
नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के निकट कुलदीप रावत द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि पर बिना आवश्यक स्वीकृतियों के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। मौके पर बनाई गई आंतरिक सड़क, प्लॉटों का सीमांकन और अन्य विकास कार्यों को जेसीबी की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण का कहना है कि संबंधित भूमि पर विकास कार्य नियमानुसार अनुमति प्राप्त किए बिना किए जा रहे थे।
इसके अलावा देहरादून और ऋषिकेश में ऐसे तीन निर्माणों को भी सील किया गया, जहां बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य किया जा रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए के इस अभियान के बाद अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले भूमाफियाओं और नियमों की अनदेखी कर निर्माण कराने वालों में हड़कंप का माहौल है। प्राधिकरण ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता और संबंधित स्वीकृतियों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।

