20 july 2026 : Dehradun!
नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 जुलाई को पीआईसी इंटर कॉलेज, नई टिहरी में एक विशेष बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन दिव्यांगजनों की सहायता करना है, जिनके किसी कारणवश अब तक दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बन पाए हैं या अन्य आवश्यक दस्तावेज लंबित हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने बताया कि शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के साथ-साथ यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड, कृत्रिम अंगों का वितरण, दिव्यांग एवं वृद्धजनों का आधार पंजीकरण तथा पेंशन योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। इससे लाभार्थियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
शिविर के सफल संचालन और सभी पात्र लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए जिले के सभी नौ विकासखंडों में सहायक समाज कल्याण अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रतापनगर और चंबा क्षेत्र के लिए मयंक थपलियाल, कीर्तिनगर के लिए धर्मेंद्र नेगी, जौनपुर के लिए गिरीश न्यूली, फकोट के लिए मोनिका एवं जयदीप भारद्वाज, भिलंगना के लिए जीतमणी भट्ट, थौलधार के लिए आंचल वेदवाल, देवप्रयाग के लिए हरपाल सिंह रावत तथा जाखणीधार के लिए मनीषा तिवाड़ी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं। साथ ही किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अपने संबंधित ब्लॉक के नोडल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। यह शिविर जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाएं सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

