9 july 2026 : Dehradun!
देहरादून जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 33 इंस्पेक्टर और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए। जारी आदेशों के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती वाले स्थानों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस बदलाव को कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नई तैनातियों के तहत इंस्पेक्टर राकेन्द्र कठैत को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) का प्रभारी बनाया गया है, जबकि प्रमोद उनियाल को वीवीआईपी सेल और अरविन्द कुमार को सीनियर सिटीजन सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विवेक राठी को कालसी का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुलदीप शाह को त्यूनी थाने की कमान दी गई है, जबकि अश्वनी बलूनी को आराघर चौकी प्रभारी बनाया गया है।
उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अमित कुमार को आईडीपीएल चौकी, सतेन्द्र सिंह को डाकपत्थर, संदीप पंवार को सहिया, प्रवेश रावत को मयूर विहार और संदीप कुमार को धारा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा रवि प्रसाद को आशारोड़ी, नवीन डंगवाल को फव्वारा चौक तथा रघुवीर सिंह कप्रवाण को हरिपुरकलां चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रशासनिक नियुक्तियों में नरेन्द्र कोठियाल को राजपुर का एसएसआई, नीरज कठैत को कालसी एसएसआई, संजय रावत को रायवाला एसएसआई, अमन चड्ढा को कोतवाली नगर तथा धनीराम पुरोहित को एसओजी नगर भेजा गया है। वहीं बलदीप सिंह को रानीपोखरी, मनोहर नेगी को प्रेमनगर, नवीन जोशी को ऋषिकेश, भरत सिंह रावत को रायपुर एसएसआई बनाया गया है। दिनेश राणा को मसूरी और कविन्द्र राणा को डोईवाला में नई तैनाती मिली है।
महिला अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महिला उपनिरीक्षक सुधा रावत को डिफेंस कॉलोनी चौकी प्रभारी बनाया गया है। शिखा तेगवाल को पटेलनगर, पूनम खत्री को रायपुर, निशा पांडे को नेहरू कॉलोनी, तनुजा शर्मा को क्लेमनटाउन, ज्योति को सहसपुर, सुधा बिष्ट को डोईवाला और दीप्ति जगवाण को बसंत विहार थाने में नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से विभिन्न थानों, चौकियों और विशेष इकाइयों की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा आएगी। साथ ही अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा और पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना विलंब अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण कर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

