3 july 2026,
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शुक्रवार को अवैध निर्माणों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए ऋषिकेश और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे एक बहुमंजिला भवन को ऋषिकेश में सील कर दिया गया, जबकि देहरादून के कई इलाकों में निर्माणाधीन भवनों की जांच कर नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एमडीडीए की टीम ने ऋषिकेश के निर्मल ब्लॉक-बी स्थित द गंगाज के पास एक निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि भवन का निर्माण बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए किया जा रहा था। नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर अधिकारियों ने मौके पर ही भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
वहीं, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के नेतृत्व में देहरादून के राजपुर, जाखन, पुरकुल, डीआईटी मालसी और आसपास के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने निर्माण स्थलों पर स्वीकृत मानचित्रों की वास्तविक निर्माण कार्य से तुलना की और कई भवन स्वामियों से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य पाया गया, वहां संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। एमडीडीए का कहना है कि शहर में अनियोजित और नियमों के विपरीत हो रहे निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एमडीडीए ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

