31 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर डाटकाली टनल के समीप शुक्रवार को एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क किनारे खड़े एक खराब कंटेनर से पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप कंटेनर टकरा गई, जिससे पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व उसका साथी केबिन में फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और एनएचएआई की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आईं, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों होश में थे।
पुलिस के अनुसार, खराबी आने के कारण एक कंटेनर सड़क किनारे खड़ा था। उसका चालक पुष्पम, निवासी परतापुर (मेरठ), वाहन में ही मौजूद था। इसी दौरान गुरुग्राम निवासी कपिल द्वारा चलाई जा रही पिकअप कंटेनर अनियंत्रित होकर पीछे से खड़े कंटेनर से टकरा गई। हादसे के समय कपिल के साथ सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र निवासी सतीश भी वाहन में सवार था।
घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को बाद में सुरक्षा की दृष्टि से चौकी परिसर में खड़ा करा दिया गया।
समय पर नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में 108 एंबुलेंस के समय पर मौके पर न पहुंचने से देरी की आशंका बनी। ऐसे में पुलिस ने इंतजार करने के बजाय निजी वाहन की व्यवस्था कर दोनों घायलों को तत्काल दून अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

