देहरादून ; 17.08.2026।
देहरादून/झज्जर। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून में प्रशिक्षण ले रहे हरियाणा के झज्जर जिले के कासनी गांव निवासी कैडेट निशांत धनखड़ का इलाज के दौरान निधन हो गया। प्रशिक्षण के दौरान 9 अगस्त को दौड़ लगाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। गंभीर हालत में उन्हें पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के आर्मी आरआर अस्पताल रेफर किया गया। करीब छह दिन तक उपचार चलने के बाद 15 अगस्त को निशांत ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, निशांत धनखड़ 10 जुलाई को भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून पहुंचे थे। सेना में अधिकारी बनने के लक्ष्य के साथ वह प्रशिक्षण ले रहे थे। 9 अगस्त को प्रशिक्षण के दौरान दौड़ लगाते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली स्थित आर्मी आरआर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
निशांत का चयन सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ था। देश सेवा का सपना लेकर उन्होंने सैन्य प्रशिक्षण शुरू किया था। परिवार और ग्रामीणों को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन प्रशिक्षण शुरू होने के कुछ ही समय बाद हुई इस दुखद घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, उमड़ा जनसैलाब
निशांत के निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव कासनी में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और क्षेत्र के लोग पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं और गांव में गमगीन माहौल रहा।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
निशांत धनखड़ का अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव कासनी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। सैन्य टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान बादली विधायक कुलदीप वत्स, झज्जर प्रशासन के प्रतिनिधियों और जिला सैनिक बोर्ड के अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार ने नम आंखों से अपने बेटे को अंतिम विदाई दी। देश की सेवा के लिए सेना में अधिकारी बनने का निशांत का सपना पूरा होने से पहले ही उनका जीवन असमय समाप्त हो गया। उनकी मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा शोक है।

