Dehradun ; 21.09.2026,
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात का आरोप महिला के पति पर है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। खास बात यह रही कि पुलिस को घटना की पहली सूचना भी आरोपी पति ने ही फोन करके दी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन किया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी से दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा किए गए फोन की लोकेशन को ट्रेस करने का प्रयास किया। लोकेशन के आधार पर पुलिस आसपास के क्षेत्र में पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही मामले की जांच आगे बढ़ाई।
प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात के समय घटनास्थल पर कौन-कौन मौजूद था।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पति की तलाश और हत्या के कारणों का पता लगाना पुलिस की प्राथमिकता है।

