10 july 2026
देहरादून। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने कहा कि उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां और यहां के लोगों का अपनापन हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि उनकी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ को उत्तराखंड सहित देशभर के दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है, जो पूरी टीम के लिए बेहद खुशी और संतोष की बात है।
फिल्म के ‘इंडिया दर्शन अभियान’ के तहत शुक्रवार को अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता रचित सिंह, अभिनेता मरुधर शेखावत, निर्देशक नचिकेत सामंत और फिल्म निर्माता साकिब सलीम देहरादून पहुंचे। इस दौरान टीम ने शहर के प्रमुख मल्टीप्लेक्स मॉल ऑफ देहरादून और पैसिफिक मॉल में दर्शकों के साथ फिल्म देखी। फिल्म खत्म होने के बाद दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाओं और तालियों ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ा दिया।
इसके बाद राजपुर रोड स्थित एलोरा मेल्टिंग मोमेंट्स में आयोजित प्रेस वार्ता में कलाकारों ने फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए। हुमा कुरैशी ने बताया कि इस फिल्म में उनका किरदार सामान्य फिल्मों से बिल्कुल अलग था। उन्होंने कहा कि बिना ज्यादा संवाद बोले केवल हाव-भाव और अभिनय के जरिए भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। हालांकि दर्शकों ने उनके इस प्रयास को सराहा, जिससे उन्हें अपने काम की सबसे बड़ी उपलब्धि महसूस हुई।
हुमा ने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए दर्शकों की सच्ची प्रतिक्रिया सबसे बड़ा सम्मान होती है। जब लोग फिल्म देखकर मुस्कुराते हैं, भावुक होते हैं और अपनी खुशी खुलकर जाहिर करते हैं, तो वही कलाकार की मेहनत की असली सफलता होती है।
प्रेस वार्ता के दौरान फिल्म की पूरी टीम ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और यहां के लोगों के आत्मीय व्यवहार की खुलकर प्रशंसा की। टीम का कहना था कि देहरादून के दर्शकों ने केवल फिल्म को ही नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी भावनाओं और संदेश को भी पूरे दिल से स्वीकार किया।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हुमा कुरैशी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौके पर पहुंच गए। उनके साथ सेल्फी और तस्वीरें खिंचवाने की होड़ लग गई, जिससे राजपुर रोड पर कुछ समय के लिए भीड़ का माहौल बन गया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने अभिनेत्री को सुरक्षित मार्ग से बाहर निकाला।
देहरादून प्रवास के दौरान हुमा कुरैशी शहर के ऐतिहासिक घंटाघर भी पहुंचीं, जहां उन्होंने कुछ समय बिताया और स्थानीय माहौल का आनंद लेते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं। उनकी मौजूदगी से वहां मौजूद लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

