16 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम से पहले प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए बन्नू स्कूल मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़े सभी व्यवस्थागत पहलुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान गोदियाल ने मंच व्यवस्था, बैठने की क्षमता, प्रवेश और निकास मार्ग, सुरक्षा इंतजाम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई दे, उसे कार्यक्रम शुरू होने से पहले हर हाल में पूरा किया जाए ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी तथा पार्टी के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस की ओर से दिल्ली से पहुंचे मनोज त्यागी ने भी पूरे कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्थानीय टीम के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि राहुल गांधी शुक्रवार शाम करीब 6 बजे बन्नू स्कूल मैदान पहुंचेंगे और यहां युवाओं एवं छात्रों के साथ सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार देर शाम तक तीन लाख से अधिक युवाओं ने संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है, जो इस आयोजन को लेकर बढ़ती दिलचस्पी का संकेत है।
कांग्रेस का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं के शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, भविष्य की चुनौतियों और उनसे जुड़े मुद्दों को सीधे सुनना तथा उन पर चर्चा करना है। पार्टी को उम्मीद है कि यह संवाद युवाओं के साथ सार्थक बातचीत का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

