26 july 2026 !
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों के लिए 62 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय के तहत पेयजल, सीवरेज, धार्मिक स्थलों के विकास और अर्द्धकुंभ-2027 की तैयारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को गति मिलेगी।
स्वीकृत राशि में देहरादून के टपकेश्वर महादेव क्षेत्र स्थित गढ़ी डाकरा कैंट में आठ एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) के लिए भूमि खरीद हेतु 6.62 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा नाबार्ड वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए 41.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
हरिद्वार में वर्ष 2027 के अर्द्धकुंभ मेले की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, फायर वॉच टावर तथा आठ अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण एवं व्यवस्था के लिए 12.31 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
इसके साथ ही अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट और पिथौरागढ़ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर मंदिरों के जीर्णोद्धार, धर्मशालाओं के निर्माण तथा सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए भी वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है। सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय सुविधाओं का विस्तार करना है।

