30 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक में जन शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन प्रदेशवासियों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पेयजल विभाग और जल जीवन मिशन से जुड़ी बड़ी संख्या में लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों के निस्तारण की कार्यवाही शून्य प्रतिशत है, उन्हें विभागाध्यक्ष तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। यदि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान निर्धारित समय में संभव नहीं हो पा रहा है, उनकी नियमित समीक्षा विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी स्तर पर की जाए। इसके अलावा स्पेशल क्लोज, डिमांड, सजेशन और अन्य श्रेणियों में डाली गई शिकायतों की भी गंभीरता से जांच की जाए, ताकि किसी भी वास्तविक शिकायत की अनदेखी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार को जनपद स्तर पर जिलाधिकारी, मंडल स्तर पर मंडलायुक्त और शासन स्तर पर सभी सचिव समाधान दिवस आयोजित कर जनता की समस्याओं की सुनवाई और उनके समाधान की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस को जनसेवा का प्रभावी मंच बनाया जाए और इसकी लगातार निगरानी भी की जाए।

