29 june 2026,
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जिले के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने कुल ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से प्रस्तावित 9 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ₹3.49 करोड़ (₹349.98 लाख) की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का भी शुभारंभ किया। इस परियोजना के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जिम कॉर्बेट से जुड़ी विरासत और पर्यटन स्थलों का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चम्पावत शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे शहर में पार्किंग की समस्या कम होने के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी बेहतर व्यावसायिक अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और ₹58.52 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। वहीं कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा विकसित चम्पावत तैयार करना है, जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापारियों को नए अवसर और प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिल सके।

