1 august 2026 ; Dehradun।
देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में नए प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के कार्यभार संभालने के बाद कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की दिशा में तेजी देखने को मिली है। बीते एक माह के दौरान निगम प्रबंधन ने पदोन्नति, स्थायीकरण, वित्तीय स्तरोन्नयन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति जैसे मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत प्रदान की है। साथ ही रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को भी गति देने की तैयारी की गई है।
यूपीसीएल के अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आरजे मलिक के अनुसार निगम ने कार्मिक हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न संवर्गों में लंबे समय से लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया है। इसी क्रम में उपमुख्य लेखाधिकारी, उपमुख्य कार्मिक अधिकारी, लेखाधिकारी, सहायक लेखाधिकारी तथा कार्यालय अधीक्षक-द्वितीय सहित कुल 27 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है।
इसके अलावा सहायक अभियंता और सहायक लेखाकार संवर्ग के 37 कर्मचारियों का स्थायीकरण किया गया है, जिससे लंबे समय से नियमित नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को राहत मिली है।
निगम ने वित्तीय लाभ से जुड़े मामलों पर भी तेजी से कार्रवाई की है। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, लेखाकार, कार्यालय अधीक्षक और कार्यालय सहायक समेत विभिन्न संवर्गों के 36 कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय सुनिश्चित वित्तीय स्तरोन्नयन (एसीपी/एमएसीपी) का लाभ स्वीकृत किया गया है।
मानव संसाधन विभाग ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया। विभाग ने करीब 450 लंबित मेडिकल प्रतिपूर्ति प्रकरणों का समाधान कर इनकी संख्या न्यूनतम स्तर तक पहुंचा दी है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनकी लंबे समय से चली आ रही शिकायतों का भी समाधान हुआ है।
प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि निगम में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप 75 सहायक लेखाकार पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त सहायक अभियंता, लेखाधिकारी, कार्मिक अधिकारी, विधि अधिकारी, अवर अभियंता, ड्राफ्ट्समैन और सहायक भंडारी सहित करीब 115 अन्य रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रबंधन का मानना है कि इन नियुक्तियों से निगम की कार्यक्षमता मजबूत होगी और रिक्त पदों की समस्या काफी हद तक दूर होगी।
यूपीसीएल की विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी से मुलाकात कर लंबित मामलों के समाधान के लिए आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि कर्मचारियों के हित में लिए गए इन फैसलों से कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनेगा, कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और निगम की कार्यकुशलता में भी सुधार देखने को मिलेगा।

