17 july 2026 ; Dehradun!
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। श्री बदरीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर चमोली जिले के कमेड़ा से बदरीनाथ तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के तहत लामबगड़ नाले पर बनाए गए 80 मीटर लंबे नए पुल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
यह पुल लंबे समय से यात्रा मार्ग की सबसे संवेदनशील कड़ियों में शामिल लामबगड़ क्षेत्र में तैयार किया गया है, जहां बरसात के दौरान भूस्खलन, मलबा और नाले के तेज बहाव के कारण यात्रियों और वाहनों की आवाजाही अक्सर प्रभावित होती रही है। नए पुल के निर्माण से इस क्षेत्र में आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुचारु होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से निर्मित यह पुल भारी वाहनों और तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इससे यात्रा के दौरान लगने वाले जाम में कमी आएगी और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को भी गति मिलेगी।
चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर मजबूत और टिकाऊ बुनियादी ढांचे का निर्माण श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी बड़ी सुविधा साबित होगा। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों का मानना है कि यह परियोजना भविष्य में यात्रा मार्ग को अधिक विश्वसनीय और हर मौसम में उपयोगी बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।
लामबगड़ पुल का निर्माण पूरा होने के बाद अब इस मार्ग पर आवागमन और अधिक सहज होने की उम्मीद है। यह परियोजना न केवल चारधाम यात्रा को मजबूती देगी, बल्कि उत्तराखंड में सड़क संपर्क और पर्यटन अवसंरचना के विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

