2 july 2026,
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा पर साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार को रुद्रप्रयाग जिले के सिरोबगड़ क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर बंद हो गया। हाईवे बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और बदरीनाथ धाम की ओर जा रहे श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों को घंटों तक रास्ते में इंतजार करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि बारिश के चलते पहाड़ी लगातार दरक रही है, जिसके कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। सूचना मिलते ही पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बारिश कम होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाने का काम शुरू किया गया, लेकिन लगातार खराब मौसम राहत कार्य में बाधा बनता रहा।
गौरतलब है कि यह लगातार दूसरा दिन है, जब सिरोबगड़ के पास भूस्खलन के कारण बदरीनाथ हाईवे प्रभावित हुआ है। बुधवार दोपहर भी तेज बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग करीब तीन घंटे तक पूरी तरह बंद रहा था। उस दौरान सड़क के दोनों ओर लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोला गया था।
बार-बार हाईवे बंद होने से चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कई यात्रियों को खुले आसमान के नीचे इंतजार करना पड़ा, जबकि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरोबगड़ क्षेत्र हर बरसात में भूस्खलन की दृष्टि से बेहद संवेदनशील रहता है, इसलिए यहां स्थायी सुरक्षा उपायों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

