3 june 2026
मुनस्यारी विकासखंड के ग्राम बमनगांव क्विटी निवासी अमित द्विवेदी ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र और जनपद का गौरव बढ़ाया है। महज 24 वर्ष की आयु में मिली इस बड़ी सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।
अमित द्विवेदी, ग्राम बमनगांव क्विटी निवासी हरीश चंद्र द्विवेदी के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कम उम्र में प्रशासनिक सेवा में चयनित होना न केवल उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
अमित की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया। गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शिक्षकों ने भी अमित को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अमित की यह उपलब्धि साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनकी सफलता से जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।
अमित द्विवेदी की इस उपलब्धि पर पूरे पिथौरागढ़ जनपद में गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वे जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर समाज के लिए बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
अमित द्विवेदी को इस शानदार सफलता पर क्षेत्रवासियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

