18 june 2026
काशीपुर/देहरादून। उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले हजारों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलीटेक्निक (जेईईपी)-2026 में सफल रहे अभ्यर्थी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे।
राजकीय पॉलीटेक्निक काशीपुर समेत प्रदेश के सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संस्थान प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी हैं ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
आठ जून को आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलीटेक्निक्स-2026 में फार्मेसी, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, केमिकल और केमिकल टेक्नोलॉजी (पेंट) सहित विभिन्न शाखाओं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा के लिए कुल 1036 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 876 ने परीक्षा दी जबकि 160 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
21 जून तक भर सकेंगे विकल्प
काउंसलिंग के प्रथम चरण में अभ्यर्थी 18 जून से 21 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी पसंद के संस्थान और शाखा के विकल्प भर सकेंगे। सीटों का आवंटन 24 जून को जारी किया जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को 25 जून से 2 जुलाई के बीच आवंटित संस्थान में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
दूसरे चरण में भी मिलेगा अवसर
जो विद्यार्थी पहले चरण में शामिल नहीं हो पाएंगे या अपनी आवंटित सीट को अपग्रेड कराना चाहेंगे, उन्हें दूसरे चरण की काउंसलिंग में मौका मिलेगा। यह प्रक्रिया 6 जुलाई से 8 जुलाई तक चलेगी। दूसरे चरण की सीट आवंटन सूची 11 जुलाई को जारी की जाएगी, जबकि 13 जुलाई से 18 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पंजीकरण से पहले वेबसाइट पर देखें निर्देश
संस्थान प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग लेने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें। इसके बाद निर्धारित काउंसलिंग पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी पसंद के संस्थानों और पाठ्यक्रमों का चयन करें।
राजकीय पॉलीटेक्निक काशीपुर के प्रधानाचार्य बी.पी. सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण कराने और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है ताकि प्रवेश के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए यह काउंसलिंग प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसी के आधार पर उन्हें अपनी पसंद की शाखा और संस्थान में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

