7 august 2026 ; Dehradun।
हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में पहुंचते ही हरिद्वार प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं की भीड़ और कांवड़ वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने तय मानकों से बड़े डीजे और कांवड़ वाहनों को जिले की सीमा में प्रवेश देने से रोक दिया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार निर्धारित सीमा से अधिक आकार वाले डीजे और कांवड़ वाहनों को किसी भी परिस्थिति में हरिद्वार में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहनों को नारसन बॉर्डर से ही वापस भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम किसी असुविधा के लिए नहीं, बल्कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 10 फीट से अधिक चौड़ाई और 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे या कांवड़ वाहनों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। कांवड़ आयोजकों और शिवभक्तों से अपील की गई है कि वे यात्रा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ी आमद, अगले चार दिन प्रशासन के लिए अहम
पंचक समाप्त होने के बाद हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। अलग-अलग राज्यों से शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए धर्मनगरी पहुंच रहे हैं और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। शहर के कई इलाकों में अब डाक कांवड़ वाहनों की आवाजाही बढ़ती दिखाई दे रही है।
कांवड़ मेले के शुरुआती दौर में जहां पैदल कांवड़ यात्रियों की संख्या अधिक थी, वहीं अब अंतिम चरण में तेज गति से गंतव्य तक पहुंचने वाली डाक कांवड़ का दबाव बढ़ गया है। बैरागी कैंप समेत कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कांवड़ वाहन पहुंच रहे हैं। जत्थों में आ रहे शिवभक्तों के कारण सड़कों पर भीड़ और यातायात प्रबंधन की चुनौती बढ़ गई है।
यातायात व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती
कांवड़ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक डाक कांवड़ के बढ़ते दबाव के बीच हरिद्वार से लेकर उत्तर प्रदेश सीमा तक यातायात व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। आने वाले कुछ दिन पुलिस और प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डाक कांवड़ वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि यात्रा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।

