21 july 2026 ; Dehradun!
देहरादून। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए गढ़वाल मंडल प्रशासन लगातार सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए हुए है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि यात्रा से जुड़े सभी जिलों के जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ नियमित तालमेल के आधार पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
मंडलायुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, खराब मौसम वाले इलाकों और दुर्गम मार्गों पर अधिकारियों को विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं, संचार व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
गढ़वाल मंडल प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे मौसम और मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

