30 june 2026 ; Dehradun!
देहरादून: प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए 1500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में जुट गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को रिक्त पदों का विवरण तैयार कर जल्द भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जहां भी शिक्षकों के पद खाली हैं, उन्हें जल्द भरा जाएगा ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अधिकारियों को भर्ती से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया में विभिन्न विषयों के शिक्षकों के पद शामिल हो सकते हैं। इससे प्रदेश के बेरोजगार शिक्षित युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा, वहीं स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी भी कम होगी।
सरकार का फोकस दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यालयों में भी पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने पर है। विभाग की ओर से रिक्तियों का आंकलन, पदों का वर्गीकरण और भर्ती नियमों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि नई नियुक्तियों से न सिर्फ स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि छात्रों के शैक्षणिक स्तर में भी सुधार देखने को मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों की नजर इसके आधिकारिक विज्ञापन पर रहेगी।

