देहरादून ; 30.10.2026,
हरिद्वार। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले को लेकर तैयारियां लगातार गति पकड़ रही हैं। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की खाद्यान्न संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने उत्तराखण्ड के लिए 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। इस फैसले से मेले के दौरान राशन की उपलब्धता बनाए रखने और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार की ओर से किए गए इस अतिरिक्त आवंटन में 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और इतनी ही मात्रा में 7,260 मीट्रिक टन चावल शामिल हैं। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने अर्धकुंभ मेले की आवश्यकताओं को देखते हुए यह निर्णय लिया है। इसके संबंध में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर आवंटन की जानकारी दी है।
दरअसल, अर्धकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। इसी आवश्यकता को देखते हुए उत्तराखण्ड सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, ताकि मेले के दौरान किसी भी स्तर पर राशन की कमी न हो और वितरण व्यवस्था प्रभावित न पड़े।
अतिरिक्त खाद्यान्न मिलने से मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत करने में सहायता मिलेगी। इसके जरिए खाद्य सामग्री की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की बेहतर योजना तैयार की जा सकेगी। साथ ही आयोजन के दौरान जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी सहूलियत होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन अर्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में उपयोगी साबित होगा।
सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाला अर्धकुंभ मेला श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित रहे। केंद्र से मिले इस सहयोग को आयोजन की तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही इतने बड़े धार्मिक आयोजन की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने का रास्ता भी आसान होगा।

