देहरादून ; 28.09.2026।
देहरादून। शहरों की सफाई व्यवस्था को संभालने वाले कर्मचारियों के अधिकार और सुविधाएं अब समीक्षा के केंद्र में हैं। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने बीजापुर गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों से जुड़े मामलों की स्थिति जानी। इस दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर कर्मचारियों की समस्याओं और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मी रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाई देने वाली स्वच्छता व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। उनके काम की प्रकृति को देखते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा, सम्मान और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों की ओर से सामने आने वाली शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे। पात्र कर्मचारियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें वास्तविक लाभ दिलाने की प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाया जाए।
अध्यक्ष ने अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी करने और लंबित शिकायतों पर समय से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय के जरिए कर्मचारियों की समस्याओं को कम करने की आवश्यकता भी बताई।
समीक्षा बैठक में अपर सचिव एवं निदेशक, शहरी विकास विनोद गिरि गोस्वामी, एडीएम के.के. मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

