देहरादून ; 03.09.2026।
देहरादून/चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से चम्पावत के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष उठाए गए ईसीएचएस (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) पॉलीक्लिनिक की मांग पर रक्षा मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाया है। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बताया है कि चम्पावत में ईसीएचएस के ‘टाइप डी’ पॉलीक्लिनिक की स्थापना के प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री के सामने यह विषय प्रमुखता से रखा था। मुख्यमंत्री का कहना था कि सीमांत जनपद होने के कारण चम्पावत के पूर्व सैनिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए कई बार दूरस्थ क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की सुविधा उपलब्ध होने से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।
धामी ने केंद्र के सामने मजबूती से उठाया मुद्दा
चम्पावत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा क्षेत्र भी रहा है और जिले से जुड़े विकास एवं जनसुविधा के विषयों को लेकर वह लगातार केंद्र सरकार के साथ समन्वय करते रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधा का यह महत्वपूर्ण विषय भी केंद्र के समक्ष रखा गया।
मुख्यमंत्री की पहल के बाद रक्षा मंत्रालय ने मामले की जांच कराई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने पत्र में बताया कि ईसीएचएस के केंद्रीय संगठन को चम्पावत में पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ‘टाइप डी’ पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। मंत्रालय की ओर से इस प्रस्ताव पर उचित विचार किए जाने की जानकारी दी गई है।
पूर्व सैनिक परिवारों को मिल सकती है बड़ी सुविधा
चम्पावत सहित आसपास के सीमांत क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में जिले में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खुलने पर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। खासतौर पर बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना बड़ी राहत साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री धामी की ओर से उठाए गए इस मुद्दे पर रक्षा मंत्रालय की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद अब पॉलीक्लिनिक की स्थापना की दिशा में आगे की प्रक्रिया को लेकर उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, अभी अंतिम स्वीकृति और संचालन की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन केंद्र की ओर से प्रस्ताव पर विचार किए जाने का आश्वासन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सैनिक कल्याण को लेकर सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों के कल्याण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने की बात कहते रहे हैं। चम्पावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की मांग को केंद्र तक पहुंचाना भी इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
यदि प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलती है तो चम्पावत के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर ईसीएचएस की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने का रास्ता साफ हो सकता है। इससे न केवल उपचार की सुविधा आसान होगी, बल्कि सीमांत क्षेत्र में रहने वाले पूर्व सैनिक परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए होने वाली अतिरिक्त आवाजाही से भी राहत मिलने की संभावना है।

