देहरादून ; 24.08.2026,
देहरादून। राजधानी देहरादून में रात के समय हुड़दंग, नशे में ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर व्यापक अभियान चलाया। रविवार देर रात ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस टीमें सक्रिय रहीं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 700 से अधिक वाहनों की जांच की, जबकि 900 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। रात में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने संबंधित वाहनों को भी सीज कर दिया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई जारी रही। काले शीशे लगाने सहित अन्य नियमों की अनदेखी करने पर 34 वाहनों को सीज किया गया। इसके साथ ही 53 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जिससे 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने नियम तोड़ने वाले 47 वाहनों के कोर्ट चालान भी किए। वहीं, देर रात बिना किसी स्पष्ट कारण के घूमते मिले 57 संदिग्ध लोगों को थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने इस दौरान उनकी गतिविधियों और पहचान से जुड़ी जानकारी भी खंगाली।
दून पुलिस का यह अभियान रात के समय सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वाले तत्वों, नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ सख्ती का संकेत माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इस तरह की रात्री जांच आगे भी जारी रखी जाएगी।

